तुगलकाबाद हादसे का आरोपी नाबालिग निकला, गाड़ियों में धमाकों के बाद 3 की मौत हुई थी

दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में 12 जून को पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि आग पैसों के विवाद के चलते साजिश के तहत लगाई गई थी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक नाबालिग लड़की आग लगने से पहले इमारत में दाखिल होती और कुछ ही देर बाद बाहर निकलती दिखाई दी। उसके बाहर आते ही इमारत के भीतर धमाका हुआ और आग तेजी से फैल गई।
पूछताछ में नाबालिग ने कबूल किया कि गोविंदपुरी के गिरीनगर की रहने वाली सरिता ने उसे पेट्रोल और माचिस देकर पांचवीं मंजिल पर रहने वाले दीपक की स्कूटी में आग लगाने के लिए भेजा था। बताया गया कि पैसों के विवाद के कारण यह साजिश रची गई थी।
जांच में सामने आया कि सरिता ने यह काम निरंजन और उसके भाई राजकुमार के कहने पर किया। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों ने निजी दुश्मनी निकालने के लिए आग लगाने की योजना बनाई थी। मामले में नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हादसा 12 जून की देर रात हुआ था। आग सबसे पहले पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में लगी और देखते ही देखते पूरी पांच मंजिला इमारत में फैल गई। आग की चपेट में आने से एक युवक और दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
फायर ब्रिगेड को रात 2:35 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। रेस्क्यू टीम ने छत का ताला तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। कुछ लोगों को साड़ियों की मदद से नीचे उतारा गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में एक के बाद एक धमाके हुए, जिससे आग तेजी से फैल गई और पूरी इमारत धुएं से भर गई।





