सेना में बड़ा बदलाव, लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ अगले थलसेना प्रमुख नियुक्त

केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) नियुक्त किया है। वह 30 जून को देश के 31वें आर्मी चीफ के रूप में पदभार संभालेंगे। वर्तमान में वह उप सेना प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद पर कार्यरत हैं।

धीरज सेठ मौजूदा आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। जनरल द्विवेदी ने 30 जून 2024 को सेना प्रमुख का पद संभाला था।

दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को लगभग 40 वर्षों का सैन्य अनुभव है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, रेगिस्तानी क्षेत्रों और पश्चिमी सीमा सहित कई संवेदनशील मोर्चों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) के रूप में भी सेवाएं दी हैं। वह पश्चिमी मोर्चे पर दो प्रमुख ऑपरेशनल कमानों का नेतृत्व करने वाले चुनिंदा वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन, सेना मुख्यालय और क्षमता विकास से जुड़े कई अहम पदों पर भी कार्य किया है।

लेफ्टिनेंट जनरल सेठ ने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA), इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA), डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (DSSC) और नेशनल डिफेंस कॉलेज से सैन्य शिक्षा प्राप्त की है। वह जूनियर कमांड कोर्स में प्रथम स्थान हासिल कर चुके हैं और DSSC में बेस्ट ऑल राउंड स्टूडेंट ऑफिसर मेडल से भी सम्मानित हुए हैं।

सेना में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) जैसे प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं।

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि व्यापक परिचालन अनुभव और रणनीतिक नेतृत्व क्षमता के कारण लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ के नेतृत्व में भारतीय सेना को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button