चार्टर्ड प्लेन के इंजन से धुआं निकलने पर अफरा-तफरी, उड़ान रोकी गई

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम Brajesh Pathak के सरकारी चार्टर्ड प्लेन में सोमवार शाम मुरादाबाद एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी आ गई। उड़ान भरने से ठीक पहले विमान का एक इंजन बंद हो गया और उसमें से धुआं निकलने लगा। उस समय डिप्टी सीएम और उनकी टीम विमान के अंदर मौजूद थी।

घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर विमान को रोक दिया गया और ब्रजेश पाठक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब 20 मिनट तक वीआईपी लाउंज में रुकने के बाद वे सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हुए।

डिप्टी सीएम ने बताया कि विमान रनवे पर उड़ान के लिए तैयार था, तभी बाएं इंजन से धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान रोक दिया।

नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, डिप्टी सीएम जिस विमान में सवार थे, वह बीचक्रॉफ्ट किंग एयर बी-200 मॉडल का चार्टर्ड प्लेन है। शुरुआती जांच में अत्यधिक गर्मी को तकनीकी खराबी की वजह माना जा रहा है। विमान की जांच और मरम्मत के लिए लखनऊ से इंजीनियरों की टीम भेजी गई है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार के पास तीन चार्टर्ड विमान हैं, जिनका इस्तेमाल वीआईपी और सरकारी यात्राओं के लिए किया जाता है।

Related Articles

Back to top button