बेटे को घुमाने लाया था पिता, हादसे के बाद बोले- अब लाश कैसे ले जाऊं

आगरा में जिप लाइन झूले से गिरकर 16 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ताजगंज स्थित चौपाटी में रविवार शाम करीब 6:20 बजे हुआ। फिरोजाबाद के चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ घूमने आए थे। उनका बेटा कुनाल जिप लाइन पर झूल रहा था, तभी अचानक सेफ्टी बेल्ट का हुक टूट गया और वह करीब 45 फीट नीचे सिर के बल जा गिरा।
हादसे के वक्त कुनाल की मां और छोटा भाई नीचे खड़े होकर उसका वीडियो बना रहे थे। वीडियो में पूरा हादसा रिकॉर्ड हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चा पहले लोहे की जाली से टकराया और फिर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद पिता पंकज अग्रवाल बेटे की लाश से लिपटकर रोते रहे। उन्होंने कहा, “मैं बेटे को घुमाने लाया था, अब उसकी लाश कैसे घर ले जाऊं?” परिवार ने जिप लाइन संचालकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पुलिस ने एडवेंचर कंपनी के मैनेजर संतोष दुबे और सेफ्टी इंचार्ज अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि जिप लाइन का सही तरीके से मेंटेनेंस नहीं किया गया था, जिसकी वजह से सेफ्टी हुक टूट गया। ताजगंज थाने में गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
हादसे के बाद आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) ने मामले की जांच के लिए 5 सदस्यीय समिति गठित की है। वहीं पुलिस कमिश्नर ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।





