कोर्ट से लौटे युवक पर हमला, बंधक बनाकर की पिटाई; पुलिस जांच में जुटी

अलवर शहर में महिला को भगाकर ले जाने के विवाद में एक युवक को अपना घर आश्रम के बाहर करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि महिला के पति और उसके परिजनों ने युवक के साथ मारपीट की, हथियार दिखाकर धमकाया और हवा में फायरिंग भी की। पिस्टल की बट सिर पर लगने से युवक घायल हो गया।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। खेड़ली के पिचनौद गांव निवासी 22 वर्षीय सुखराम गुर्जर ने बताया कि वह कोर्ट के आदेश पर अलवर के सूर्य नगर स्थित अपना घर आश्रम में रह रही महिला को लेने आया था। महिला पहले उसके साथ गुजरात भी गई थी और अब अपनी मर्जी से उसके साथ रहना चाहती है।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान महिला के पति और अन्य लोग वहां पहुंचे और उसे वकील की कार से खींचकर बाहर निकाल लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और अवैध हथियार दिखाकर डराया। सुखराम ने बताया कि करीब एक घंटे तक उसे बंधक बनाकर पीटा गया और पिस्टल की बट सिर पर मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
मारपीट के बाद युवक ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे घायल हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने समय सिंह, मुखराम सहित कई लोगों के खिलाफ वैशाली नगर थाने में शिकायत दी है।
वहीं वैशाली नगर थानाधिकारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि मारपीट की शिकायत मिली है। पीड़ित की ओर से लिखित रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी।





