भर्ती पिता की देखभाल कर रही बेटी से बदसलूकी, अस्पताल में हंगामा

अलवर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज की बेटी को महिला डाइटिशियन द्वारा थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल में हंगामा हो गया। पीड़िता बेहोश होकर नीचे गिर गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मामला गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सानिया हॉस्पिटल का है।

जानकारी के अनुसार, मरीज लक्ष्मण का पित्त की थैली की पथरी का ऑपरेशन हुआ था। उनकी बेटी सुनीता अस्पताल में पिता की देखभाल के लिए रुकी हुई थी। सुनीता ने बताया कि महिला डाइटिशियन डॉ. सुरभि चौधरी मरीजों को खान-पान संबंधी जानकारी दे रही थीं। इसी दौरान उसने मरीज को जूस के साथ फल देने के बारे में पूछा। आरोप है कि डॉक्टर इस बात पर नाराज हो गईं।

सुनीता के मुताबिक, बाद में दवा लगाने को लेकर भी कहासुनी हुई। जब उसने डॉक्टर से गुस्सा करने का कारण पूछा तो डॉक्टर ने उसे थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगते ही वह बेहोश होकर नीचे गिर गई।

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। एनईबी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।

एनईबी थाने के SHO दिनेश ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दी गई थी। पुलिस ने मामला शांत करा दिया है और जांच की जा रही है। वहीं परिजनों का कहना है कि थाने में महिला डॉक्टर ने माफी मांग ली, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

Related Articles

Back to top button