अलवर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, व्यापार महासंघ पूर्व अध्यक्ष की दुकान भी टूटी

अलवर शहर में गुरुवार को नगर निगम और यूआईटी की संयुक्त टीम ने रोड नंबर-2 और मेव बोर्डिंग क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 13 से अधिक अस्थाई दुकानों और अवैध खोखों पर बुलडोजर चलाया गया। व्यापार महासंघ के पूर्व अध्यक्ष रमेश जुनेजा की दुकान के आगे बने अतिक्रमण को भी तोड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान कई जगह व्यापारी अधिकारियों से उलझते नजर आए। जैसे ही जेसीबी किसी दुकान के सामने पहुंचती, दुकानदार कागजात लेकर विरोध करने लगते। हालांकि अधिकारियों ने समझाइश के बाद रैंप, टीनशेड, ऊंचे चबूतरे और दीवारों को हटाने की कार्रवाई जारी रखी।
मेव बोर्डिंग की दीवार के बाहर बनी अस्थाई दुकानों को भी हटाया गया। कुछ दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्रवाई से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया था। कई दुकानदारों ने पहले ही अपना सामान समेट लिया था।
यूआईटी के तहसीलदार मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे रोड पर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चाहे किसी की भी दुकान हो, अगर अतिक्रमण है तो उसे हटाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहेगा।





