उद्योग को मिलेगा बढ़ावा, वेदांता एल्युमीनियम की नई पहल से निवेश के अवसर

Vedanta Limited की इकाई वेदांता एल्युमिनियम ने Odisha के Jharsuguda में प्रस्तावित एल्युमिनियम पार्क के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने डाउनस्ट्रीम एल्युमिनियम निर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए सिंघल स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड और स्कॉट-एल मेटकॉन प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
भुवनेश्वर में आयोजित इस एमओयू हस्ताक्षर समारोह में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। यह एल्युमिनियम पार्क डाउनस्ट्रीम उद्योगों के लिए एक विश्वस्तरीय औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वैल्यू एडिशन बढ़ाना, एमएसएमई क्षेत्र को प्रोत्साहित करना और ओडिशा को वैश्विक एल्युमिनियम हब के रूप में स्थापित करना है।
इस परियोजना के जरिए राज्य में 500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने की संभावना है। साथ ही लगभग 1,500 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
राज्य के उद्योग, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वाईं ने कहा कि यह पहल ओडिशा को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में और मजबूत करेगी। वहीं, उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा ने इसे राज्य की औद्योगिक वैल्यू चेन को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम बताया।
वेदांता झारसुगुड़ा के सीईओ सी. चंद्रु के अनुसार, यह एल्युमिनियम पार्क न केवल उद्योगों को बढ़ावा देगा, बल्कि रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा करेगा।
करीब 56 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा यह पार्क लॉजिस्टिक्स लागत, ऊर्जा खपत और उत्पादन समय को कम करने में भी सहायक साबित होगा, जिससे उद्योगों को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।





