एलपीजी सिलिंडर लेने के लिए KYC अनिवार्य, नियम न मानने पर कनेक्शन होगा बंद

खाड़ी देशों में जारी तनाव के बीच एलपीजी गैस को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है। अब ऐसे उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर बुक कराने से पहले KYC (केवाईसी) प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिन्होंने पिछले 9 महीनों में एक भी सिलिंडर नहीं भरवाया है।
एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन, आगरा संभाग के अध्यक्ष विपुल पुरोहित के अनुसार, हाल के दिनों में ऐसे कई उपभोक्ता भी सिलिंडर बुक कराने लगे हैं, जिन्होंने लंबे समय से गैस का उपयोग नहीं किया था। इससे सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है।
किन उपभोक्ताओं पर असर
बताया गया है कि ऐसे सभी कनेक्शन अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं, जिनमें पिछले 9 महीनों से कोई बुकिंग नहीं हुई है। इन उपभोक्ताओं को अब नए सिरे से KYC कराना होगा, तभी उनकी बुकिंग दोबारा शुरू हो सकेगी।
क्यों लिया गया फैसला
अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गैस कनेक्शन सक्रिय और वास्तविक उपयोग में हैं या नहीं। साथ ही, अनावश्यक बुकिंग को रोककर जरूरतमंद उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराना भी इसका लक्ष्य है।
PNG उपभोक्ताओं के लिए खास निर्देश
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के जिला नोडल अधिकारी विनीत कुमार ने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि कई PNG उपभोक्ता भी एहतियात के तौर पर LPG सिलिंडर बुक कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक दबाव बन रहा है।
ऐसे उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि यदि उनके पास PNG कनेक्शन है, तो वे अपना LPG कनेक्शन सरेंडर कर दें और अनावश्यक बुकिंग से बचें।





