भारी बर्फबारी के बीच Sikkim में एवलांच की आशंका, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

Sikkim के गंगटोक और पाक्योंग जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन (एवलांच) का खतरा बढ़ गया है। इसको लेकर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अलर्ट जारी किया है।
एडवाइजरी के मुताबिक, अगले 24 घंटों में 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की आशंका है। मौसम में तेजी से बदलाव और बर्फ की अस्थिरता को इसका मुख्य कारण बताया गया है।
प्रशासन की चेतावनी
अधिकारियों ने लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से पहले स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
बारिश और बर्फबारी से बढ़ा खतरा
राज्य के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार सुबह से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण हिमस्खलन का जोखिम और बढ़ गया है।
सड़कें बंद, आवाजाही प्रभावित
भारी बर्फबारी के चलते गंगटोक से Tsomgo Lake और नाथुला दर्रे की ओर जाने वाली सड़क को एहतियातन बंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





