Shamli में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, घरेलू सिलेंडर 1500 रुपये में बिकने का आरोप

Shamli जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से कालाबाजारी की शिकायतें सामने आने लगी हैं। बताया जा रहा है कि बाजार में गैस सिलेंडरों की कमी के कारण घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर दोनों ही अधिक कीमतों पर बेचे जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, जो कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पहले करीब 1900 रुपये में मिलता था, वह अब 2200 से 2800 रुपये तक में बेचा जा रहा है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर भी करीब 1500 रुपये में मिलने की बात सामने आई है।

गैस सिलेंडर की कमी का सबसे ज्यादा असर होटल, ढाबा और हलवाई का काम करने वाले लोगों पर पड़ा है। कई संचालकों का कहना है कि सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में ज्यादा कीमत देकर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो कई होटल और ढाबे बंद करने की नौबत आ सकती है। कुछ दुकानदारों का यह भी कहना है कि हालात ऐसे ही रहे तो उन्हें पुराने समय की तरह लकड़ी या कोयले की भट्ठियों का सहारा लेना पड़ सकता है।

इस मामले में जिला आपूर्ति अधिकारी Ankur Yadav ने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर स्कूलों और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूली की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button