DNT महासंगम के दौरान पुलिस बस से बुजुर्ग की मौत, 7 लोगों पर मामला दर्ज

18 जनवरी को अलवर में नटनी का बाड़ा के पास पुलिस वाहन की टक्कर से नाथ समाज के बुजुर्ग की मौत के मामले को लेकर विरोध तेज हो गया है। इस घटना के बाद अलवर में दर्ज मुकदमे के विरोध में बुधवार को बांदीकुई के अरनिया गांव में जोगी-योगी (DNT) समाज के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए।
समाज के लोगों ने बुजुर्ग की मौत के बाद अकबरपुर थाना क्षेत्र में लगाए गए जाम के मामले में समाज के सात लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे को अन्यायपूर्ण बताते हुए उसका विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने मुकदमे वापस लेने की मांग की।
अरनिया गांव निवासी पुखराज ने बताया कि 18 जनवरी को अलवर के भर्तृहरि क्षेत्र में DNT समाज का महासंगम आयोजित हुआ था। इसी दौरान बांदीकुई के अरनिया गांव के रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग लक्ष्मण सिंह की पुलिस वाहन से टक्कर लगने के कारण मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि चाहे मौत पुलिस वाहन से हुई हो या किसी अन्य कारण से, समाज इसे शहादत मानता है और मृतक को कभी नहीं भुलाया जाएगा।
समाज के लोगों का आरोप है कि बुजुर्ग की मौत के बाद न्याय की मांग को लेकर जाम लगाया गया था, लेकिन पुलिस ने जाम लगाने वालों पर ही मुकदमा दर्ज कर लिया, जो सरासर अन्याय है। इसे समाज किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।
डीएनटी समाज के कालूराम ने कहा कि पूरे समाज में इस घटना को लेकर भारी रोष है। अरनिया गांव में हजारों लोगों के जुटने की संभावना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो डीएनटी समाज की सभी 32 जातियां एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करेंगी।
बुधवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग अरनिया गांव में एकत्रित हुए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।





