इस साल बेटे की शादी करने वाले थे CRPF इंस्पेक्टर, परिवार में मातम

टोंक जिले के रहने वाले सीआरपीएफ इंस्पेक्टर भंवरलाल मीणा का छत्तीसगढ़ में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। वे पेट्रोलिंग के दौरान बाइक समेत खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बुधवार को इंस्पेक्टर भंवरलाल मीणा का पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से जयपुर लाया गया। इसके बाद सड़क मार्ग से टोंक लाकर सिरोली मोड़ तिराहा (घाड़ थाना क्षेत्र) से उनके पैतृक गांव दौलतपुरा तक करीब 15 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। जगह-जगह लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।

गांव पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे बेटे धीरज ने मुखाग्नि दी। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम रहीं।

इंस्पेक्टर भंवरलाल मीणा ने निधन से एक दिन पहले 19 जनवरी की रात करीब 8 बजे अपनी पत्नी लादी देवी (52) से फोन पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि वह एक महीने की छुट्टी लेकर घर आएंगे। परिवार इस साल बेटे की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन अगले ही दिन 20 जनवरी को पेट्रोलिंग के दौरान हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

इंस्पेक्टर भंवरलाल मीणा के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Articles

Back to top button