अमृत उद्यान घूमने का मौका: राष्ट्रपति भवन ने घोषित की ओपनिंग डेट और बुकिंग प्रक्रिया

राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान आम जनता के लिए 3 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक खुला रहेगा। इसकी घोषणा राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से बुधवार को की गई। इस दौरान लोग सप्ताह में छह दिन उद्यान का भ्रमण कर सकेंगे।

अमृत उद्यान में प्रवेश का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा, जबकि अंतिम प्रवेश शाम 5:15 बजे होगा। उद्यान रखरखाव के कारण हर सोमवार और होली के दिन 4 मार्च को अमृत उद्यान बंद रहेगा।

कैसे करें टिकट बुकिंग

अमृत उद्यान में प्रवेश और बुकिंग पूरी तरह निःशुल्क है। इच्छुक आगंतुक https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/
वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। बिना पूर्व पंजीकरण के आने वाले आगंतुकों के लिए प्रवेश द्वार पर स्व-सेवा पंजीकरण कियोस्क की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

प्रवेश और यात्रा की सुविधा

सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास राष्ट्रपति भवन परिसर के गेट नंबर 35 से होगा, जो नॉर्थ एवेन्यू और राष्ट्रपति भवन के मिलन बिंदु के पास स्थित है। आगंतुकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक हर 30 मिनट पर उपलब्ध रहेगी। शटल बसों को ‘अमृत उद्यान के लिए शटल सेवा’ बैनर से पहचाना जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button