दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर, खाई में गिरी कार; दो मृत

सवाई माधोपुर में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सड़क के बीच बनी खाई में गिर गई, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार के एयरबैग खुलने के बावजूद दोनों युवकों की जान नहीं बच सकी।

हादसा गुरुवार रात करीब 11 बजे खंभा नंबर 246 के पास हुआ। कार सवार दोनों युवक गुजरात के रहने वाले थे और गुजरात की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोनेट कार खाई में गिरकर पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो गई।

सूचना मिलने पर बौंली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर बौंली सीएचसी पहुंचाया। कार सवार कमल गोहिल (35) निवासी बड़ौदा, गुजरात की मौके पर ही मौत हो गई।

जयपुर ले जाते समय दूसरे युवक की मौत

कार में सवार दूसरा युवक तेजस्वी सोलंकी (32) पुत्र महेश मोची निवासी भावनगर, गुजरात गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

पुलिस ने हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार को रेस्ट एरिया में खड़ा कराया है। दोनों मृतकों की सूचना परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल शव बौंली सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। बौंली थाना पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button