दूसरे दिन भी अलवर में शीतलहर का असर, फसलों पर जमी ओस की बूंदें

पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अलवर में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी लौट आई है। करीब 18 दिन बाद गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान फिर 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 5, 6 और 7 दिसंबर को भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा था। इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान 19 दिसंबर को 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

अलवर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुबह फसलों पर ओस की बूंदें जमी नजर आईं, जो सूरज निकलते ही टपकती दिखाई दीं। ठंड के कारण सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। 26 और 27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है।

इधर, उत्तर भारत में घने कोहरे के चलते रेल यातायात भी प्रभावित रहा। भुज–बरेली आलाहजरत एक्सप्रेस सहित अलवर आने वाली 11 ट्रेनें गुरुवार को औसतन 4 घंटे 52 मिनट की देरी से पहुंचीं।

हालांकि गुरुवार को सूर्योदय के कुछ समय बाद धूप निकल आई। दिन में ठंडी हवाएं नहीं चलने से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हुई। दोपहर 2:30 बजे अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 1.4 डिग्री अधिक रहा।

Related Articles

Back to top button