अमेरिकी रिपोर्ट में पाकिस्तान की तारीफ से भड़का भारत, उठे कूटनीतिक सवाल

आतंकवाद को लेकर अमेरिका का दोहरा चरित्र एक बार फिर उजागर हुआ है। दरअसल, अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान में हुए दो अलग-अलग धमाकों पर सोशल मीडिया पर जो प्रतिक्रिया दी, उसकी भाषा में जमीन-आसमान का अंतर देखने को मिला।

भारत में हुए धमाके को अमेरिकी दूतावास ने सिर्फ “विस्फोट” कहकर औपचारिकता निभा दी, जबकि पाकिस्तान में हुए धमाके को “आतंकी हमला” बताते हुए अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ एकजुटता दिखाई। इस रवैये को लेकर भारतीयों में नाराजगी है और सोशल मीडिया पर लोग अमेरिका की नीति पर सवाल उठा रहे हैं।

भारत और पाकिस्तान के लिए अलग भाषा
सोमवार शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए। इसके बाद भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने पोस्ट किया— “हमारी प्रार्थनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने बीती रात नई दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खो दिया।”
वहीं, मंगलवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित अदालत परिसर में धमाके पर अमेरिकी दूतावास ने लिखा— “आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में संयुक्त राज्य अमेरिका पाकिस्तान के साथ एकजुटता से खड़ा है… हम इस हमले और सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा करते हैं।”

भारतीय यूजर्स ने जताई नाराजगी
भारत में हुए धमाके को सिर्फ “विस्फोट” और इस्लामाबाद धमाके को “आतंकी हमला” बताने पर भारतीय यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, “अमेरिका भारत में आतंकवाद को अलग नजरिए से देखता है।”
दूसरे ने कहा, “दिल्ली धमाके पर अमेरिका की देरी और ठंडी प्रतिक्रिया उसके दोहरे मानदंड दिखाती है।”

कूटनीतिक सवाल भी उठे
विशेषज्ञों का कहना है कि यह रवैया अमेरिका के पाकिस्तान प्रेम को उजागर करता है। इन दिनों पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर अमेरिका के करीबी माने जाते हैं। वहीं, भारत पर रूस से तेल खरीदने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है और अमेरिकी प्रशासन ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ भी बढ़ाया है।

Related Articles

Back to top button