8 महीने की बच्ची के पिता ने अस्पताल की 5वीं मंजिल से कूदकर जान दी, पत्नी कुछ कदम दूर खड़ी थी

राजस्थान के अलवर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) मेडिकल कॉलेज की पांचवीं मंजिल से एक युवक ने कूदकर जान दे दी। हादसे के वक्त उसकी पत्नी बाथरूम के बाहर खड़ी थी, जबकि युवक खिड़की का कांच तोड़कर नीचे कूद गया।
मृतक की पहचान विजय कुमार वाल्मीकि (28), निवासी डोली गांव, रामगढ़ के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक, मंगलवार रात अचानक विजय की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित ESIC अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बाथरूम जाने का बहाना बनाकर कूदा नीचे
ASI महावीर सिंह ने बताया कि विजय ने घर पर एक साथ दवाई खाने के बाद उल्टी की शिकायत की थी। रात करीब 9 बजे परिजन उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया। देर रात करीब 12:30 बजे विजय ने बाथरूम जाने की बात कही और वहां से खिड़की तोड़कर छलांग लगा दी।
पत्नी बाहर खड़ी थी, लेकिन उसे कुछ समझ नहीं आया। जब काफी देर तक विजय बाहर नहीं आया तो उसने स्टाफ को बताया। इसी दौरान नीचे से सूचना आई कि कोई मरीज पांचवीं मंजिल से गिर गया है।
पहले से चल रहा था इलाज
मेडिकल कॉलेज डीन ओपी लखावत के अनुसार, विजय पहले से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। भर्ती के बाद भी वह सामान्य बातचीत कर रहा था। लेकिन अचानक उसने यह कदम उठा लिया।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, 8 महीने की बेटी
जानकारी के अनुसार, विजय की करीब डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। उसकी 8 महीने की एक बेटी है। वह फैक्ट्री में मजदूरी करता था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।





