राजस्थान में बड़ा हादसा: बस में लगी आग, यात्रियों की चीख-पुकार से मचा हड़कंप

जयपुर के मनोहरपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। 65 सवारियों से भरी बस हाईटेंशन लाइन से टकराते ही आग का गोला बन गई। करंट फैलते ही बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर जान बचाई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग झुलस गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सवारियों ने ड्राइवर को कई बार बस आगे न ले जाने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह नहीं माना और बस को हाईटेंशन तारों के नीचे ले गया। जैसे ही बस का ऊपरी हिस्सा तारों से छूटा, करंट फैल गया और टायरों में आग लग गई। कुछ ही देर में आग पूरी बस में फैल गई।

धमाकों से दहली सड़क
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद सिलेंडर फटने से तीन बड़े धमाके हुए। बस के अंदर सिलेंडर, आटा-दाल के डिब्बे, कपड़े और एक बाइक भी रखी हुई थी, जो आग में जल गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

यूपी से ईंट भट्टे पर जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, बस में सवार लोग उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से टोडी गांव स्थित ईंट भट्टे पर काम करने के लिए आ रहे थे। बस में करीब 30 महिलाएं, 35 पुरुष और कुछ बच्चे सवार थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button