पुष्कर मेले में खास भैंसा बना आकर्षण, लंच में खाए काजू-बादाम और ड्राई फ्रूट्स

राजस्थान के अजमेर ज़िले में चल रहे विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले में इन दिनों पशुओं और सैलानियों की चहल-पहल देखने लायक है। मेला ग्राउंड में देश-विदेश से आए पर्यटक और पशुपालक लगातार जुट रहे हैं।
अब तक 5 हजार से ज्यादा पशु मेले में पहुंच चुके हैं, जिनमें 3 हजार से अधिक घोड़े-घोड़ी और करीब 1,500 ऊंट शामिल हैं।
श्रीगंगानगर के इंजीनियर भरत कुमार अपने 800 किलो के साबरमती मुर्रा नस्ल के भैंसे को लेकर मंगलवार को पुष्कर पहुंचे। इस भैंसे की कीमत 35 लाख रुपये बताई जा रही है और उतनी ही बोली भी लग चुकी है। यह भैंसा अब तक 35 बच्चों का पिता बन चुका है, जबकि एक ब्रिडिंग की कीमत 10 हजार रुपये रखी गई है।
भरत ने बताया कि वे अपने इस ‘स्टार भैंसे’ को लंच में काजू-बादाम और ड्राई फ्रूट्स खिलाते हैं, जिससे यह मेला मैदान में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
ऊंटों की सवारी का विदेशी पर्यटकों में क्रेज
रेतीले धोरों पर विदेशी पर्यटक ऊंटों की सवारी का मज़ा ले रहे हैं। कैमरों में यादें कैद कर रहे सैलानी यहां की संस्कृति और लोक परंपरा को करीब से महसूस कर रहे हैं।
बारिश और ठंड से पशुपालक परेशान
अचानक बदले मौसम ने मेले में डेरा डाले पशुपालकों की परेशानी बढ़ा दी है। हल्की बारिश और ठंड के चलते कई लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
ड्रोन से दिखा पुष्कर मेला का नजारा
नए मेला ग्राउंड में सजी पशु मंडी का नजारा ड्रोन से बेहद मनमोहक दिखा। चारों तरफ लग्ज़री टेंट, पशुओं की आवाजाही और रेत के धोरों पर बसा यह मेला अब अपने पूरे शबाब पर है।





