महंगाई ने तोड़ी दिवाली की चमक, पटाखों के दाम पिछले साल से 30% तक बढ़े

अलवर शहर के विजय नगर ग्राउंड पर ग्रीन पटाखों का बाजार सज गया है। शनिवार रात से ही यहां खरीदारों की भीड़ जुटने लगी और देर रात तक जमकर खरीदारी होती रही। दिवाली से पहले लोगों में उत्साह तो है, लेकिन पटाखों की बढ़ी कीमतों ने जेब ढीली कर दी है।
बाजार में अब 10 रुपए से कम में कोई भी पटाखा नहीं मिल रहा। छोटे बॉक्स 100 से 200 रुपए तक और बड़े पटाखे 300 से 400 रुपए तक के बिक रहे हैं। सूतली बम और अनार के दाम सबसे अधिक हैं। छोटा रॉकेट 10 से 20 रुपए प्रति पीस मिल रहा है। लोगों का कहना है कि दुकानदार मनमर्जी के भाव बता रहे हैं — जो दाम बताया, वही देना पड़ रहा है।
करीब 9 साल बाद अलवर में पटाखों का बाजार लगा है। पहले शहर में पटाखों की बिक्री पर रोक थी, क्योंकि अलवर एनसीआर क्षेत्र में आता है। अब जिला प्रशासन ने ग्रीन पटाखों की अनुमति दी है और तय नियमों के अनुसार दुकानों का आवंटन किया गया है।
विजय नगर ग्राउंड में यह बाजार अगले दो दिन तक चलेगा। लंबे समय बाद खुले इस बाजार से बच्चों में उत्साह है, लेकिन कीमतों ने त्योहार की चमक कुछ फीकी कर दी है।





