ममता बनर्जी के बयान पर भाजपा का हमला, अग्निमित्रा पॉल बोलीं- बंगाल सरकार तालिबान जैसी

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एमबीबीएस छात्रा के साथ हुए गैंगरेप मामले ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। मामला और गरम तब गया जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पीड़िता रात 12 बजे कॉलेज से बाहर कैसे गई।
भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने ममता के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार है, बंगाल में ममता बनर्जी। सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट है कि छात्रा रात 8 बजे डिनर के लिए निकली थी।” पॉल ने आरोप लगाया कि ममता सरकार दुष्कर्मियों को बचाती है क्योंकि वे टीएमसी के कैडर से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की इज्जत के लिए 2026 चुनावों में जवाब देना होगा।
इस बीच भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी जब पीड़िता से मिलने अस्पताल गईं, तो उन्हें गेट पर रोक दिया गया। उन्होंने चेताया कि बिना सख्त कार्रवाई के केस कमजोर पड़ेगा और आरोपी बच सकते हैं।
घटना शुक्रवार रात दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज के पास हुई थी। ओडिशा निवासी छात्रा अपने दोस्त के साथ डिनर के लिए गई थी, जहां तीन आरोपियों ने उसे घसीटकर रेप किया। फिलहाल पीड़िता का इलाज अस्पताल में जारी है।





