कांग्रेस ने जताई चिंता: पाकिस्तान को मिसाइल देने से बढ़ सकता है क्षेत्रीय तनाव

अमेरिका के पाकिस्तान को रेथियॉन मिसाइल देने की खबर पर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत सरकार पर तीखा वार करते हुए विपक्षी पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने इसे कूटनीतिक असफलता करार दिया। अमेरिका की तरफ से पाकिस्तान को रेथियॉन की एयर-टू-एयर मिसाइलें सप्लाई किए जाने की खबर पर उन्होंने सवाल किया कि भारत के लिए ‘कूटनीतिक झटके’ कितनी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं।

किस मुद्दे पर सरकार को घेर रहे कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, अमेरिकी ‘डिपार्टमेंट ऑफ वॉर’ (राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार से पहले इसे डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस कहा जाता था) ने गत 7 मई 2025 को सार्वजनिक अधिसूचना जारी की। इसके अनुसार, रेथियॉन कंपनी की तरफ से बनाई जाने वाली एडवांस मीडियम रेंज एयर-टू-एयर मिसाइलें (AIM-120 AMRAAM) कनाडा, ताइवान, पोलैंड, स्वीडन, जापान, जर्मनी, ब्रिटेन, इटली, ऑस्ट्रेलिया जैसे मित्र देशों को दी जानी थीं। हालांकि, अब पाकिस्तान भी इस सूची में शामिल हो गया है।

‘भारत की विदेश नीति की असफलता का संकेत’
रमेश ने कहा, 30 सितंबर 2025 को जारी ताजा अधिसूचना में पाकिस्तान, सऊदी अरब, कतर, ओमान, तुर्किए और इस्राइल जैसे देशों के नाम भी शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘देखिए, कूटनीतिक माहौल कितनी जल्दी बदलता है और कूटनीतिक झटके कितनी तेजी से बढ़ते हैं। कांग्रेस महासचिव ने दोनों अमेरिकी अधिसूचनाओं की प्रतियों साझा करते हुए कहा कि यह भारत की विदेश नीति की असफलता का संकेत है।

अमेरिकी डिफेंस डील में पाकिस्तान के अलावा इन देशों के नाम भी शामिल
गौरतलब है कि पाकिस्तान से प्रकाशित होने वाले अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और पाकिस्तान के बीच हथियारों को लेकर हुई इस नई डील के मुताबिक AIM-120 मिसाइलों की सप्लाई की जाएगी। इस अनुबंध में ब्रिटेन, जर्मनी, फिनलैंड, ऑस्ट्रेलिया, रोमानिया, कतर, ओमान, कोरिया, ग्रीस, स्विट्जरलैंड, जापान, इस्राइल और कई अन्य देशों को भी शामिल किया गया है।

Related Articles

Back to top button