राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी, BJP ने दिया जवाब

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को दी गई जान से मारने की धमकी पर विवाद गहराने के बीच केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा है कि पार्टी ऐसी सोच को बिल्कुल मंजूर नहीं करती। उन्होंने साफ किया कि भाजपा की राजनीति विकास और विचारधारा की है, न कि निजी दुश्मनी की। राजीव चंद्रशेखर ने बुधवार को दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘शुरू से ही मेरा कहना था कि भाजपा ऐसे बयानों का समर्थन नहीं करती। हमारे एक प्रवक्ता ने गुस्से और जोश में गलत बात कह दी थी। हमने उन्हें समझाया और उन्होंने अपनी गलती स्वीकार भी कर ली।’

हम विचारधारा की लड़ाई लड़ते हैं- राजीव चंद्रशेखर
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का मकसद किसी से दुश्मनी निभाना नहीं है। ‘हम विचारधारा की लड़ाई लड़ते हैं, विकास और प्रदर्शन की राजनीति करते हैं। व्यक्तिगत दुश्मनी के आधार पर राजनीति करना भाजपा का तरीका नहीं है।’

विवादित बयान और भाजपा प्रवक्ता की गिरफ्तारी
यह विवाद तब शुरू हुआ जब भाजपा प्रवक्ता प्रिंटू महादेवन ने 26 सितंबर को एक टीवी चैनल की बहस में राहुल गांधी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। बहस का विषय बांग्लादेश और नेपाल में हो रहे प्रदर्शनों से जुड़ा था। इसी दौरान महादेवन ने कहा कि भारत में ऐसी स्थिति संभव नहीं है क्योंकि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हैं। उन्होंने आगे धमकी भरे लहजे में कहा कि अगर राहुल गांधी ने ऐसे ही सपने देखे, तो ‘गोलियां उनके सीने को चीर देंगी।’ इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया। 29 सितंबर की रात महादेवन पुलिस के सामने पेश हुए। उनके साथ कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और बाद में अदालत में पेश करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया।

कांग्रेस का भाजपा पर हमला
कांग्रेस ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर भी हमला बोला, पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रिंटू महादेवन को तुरंत गिरफ्तार नहीं किया, क्योंकि भाजपा और सत्तारूढ़ माकपा (सीपीआई-एम) के बीच ‘गुप्त समझौता’ है। कांग्रेस ने कहा कि इस तरह की धमकियां लोकतंत्र और राजनीतिक शिष्टाचार के लिए खतरनाक हैं। हालांकि भाजपा ने अब यह सफाई देने की कोशिश की है कि पार्टी का रुख ऐसी बयानबाजी के पक्ष में नहीं है।

Related Articles

Back to top button