फडणवीस सरकार ने कई अहम फैसले किए पारित, स्वास्थ्य और विकास पर जोर

महाराष्ट्र कैबिनेट ने व्यापक कैंसर देखभाल नीति को मंजूरी दी। नीति के तहत मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के लिए तीन-स्तरीय एकीकृत प्रणाली विकसित की जाएगी और राज्य के 18 अस्पतालों में विशेष कैंसर उपचार सुविधाएं शुरू होंगी।
साथ ही, ‘महाकेयर फाउंडेशन’ की स्थापना की जाएगी, जिसे शुरू करने के लिए 100 करोड़ रुपये की शुरुआती पूंजी दी जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस नीति से हर जिले में कैंसर की शुरुआती पहचान और इलाज संभव होगा।
स्वास्थ्य के साथ-साथ रोजगार और निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। कैबिनेट ने महाराष्ट्र ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) पॉलिसी 2025 को मंजूरी दी, जिससे बहुराष्ट्रीय कंपनियों को आकर्षित कर राज्य में पांच लाख उच्च वेतन वाली नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, सोलर कृषि पंप और नवीकरणीय ऊर्जा योजनाओं के लिए अतिरिक्त बिजली कर लगाने का फैसला किया गया। सरकार ने ‘महा जियो-टेक कॉर्पोरेशन’ की स्थापना को भी हरी झंडी दी, जो भौगोलिक और उपग्रह तकनीक का उपयोग कर सरकारी योजनाओं को अधिक सटीक बनाएगी।





