अजमेर के वायुसेना जवान की बंगाल में संदिग्ध हालात में मौत, चार दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन

कोटड़ा निवासी वायुसेना के जवान पुलकित नाथ (29) की पश्चिम बंगाल के हाशिमारा एयरफोर्स स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। पुलकित एयरफोर्स में एयरमैन के पद पर तैनात थे। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को अजमेर स्थित उनके पुश्तैनी निवास पर किया गया।

3 सितंबर को आए थे छुट्टी पर, 5 सितंबर को मनाया था जन्मदिन

परिवार के अनुसार, पुलकित 3 सितंबर को छुट्टी पर घर आए थे और 5 सितंबर को जयपुर में अपनी बहनों के साथ जन्मदिन सेलिब्रेट किया था। इसके बाद वे ड्यूटी पर लौट गए थे।

हालांकि, 9 सितंबर को ड्यूटी के दौरान गोली लगने की घटना हुई, जिसकी जानकारी 10 सितंबर को एयरफोर्स अधिकारियों द्वारा परिवार को दी गई। मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

7 साल पहले जॉइन की थी एयरफोर्स

पुलकित ने बीटेक करने के बाद साल 2018 में एयरफोर्स जॉइन की थी। वह पिछले सात वर्षों से देश की सेवा कर रहे थे।

उनके पिता राजेंद्र प्रसाद एलआईसी (LIC) में अधिकारी हैं। परिवार में माता और दो बड़ी बहनें हैं। जवान की पार्थिव देह शुक्रवार सुबह अजमेर लाई गई, जहां कुछ देर अंतिम दर्शन के बाद अंतिम यात्रा निकाली गई और उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Related Articles

Back to top button