‘जल्द ही ऐसे खुलासे होंगे जो पूरे केरल को हिला देंगे’, ममकूटाथिल मुद्दे पर सतीशन का पलटवार

कोझिकोड: केरल की राजनीति इस समय कांग्रेस विधायक ममकूटाथिल से जुड़े विवाद को लेकर गरमाई हुई है। इस मामले पर विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी.डी. सतीशन ने सोमवार को सत्ताधारी सीपीआई (एम) और भाजपा दोनों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। सतीशन ने आगे कहा कि वाम मोर्चा (एलडीएफ) को ज्यादा खेल नहीं करना चाहिए, क्योंकि जल्द ही कुछ ऐसे खुलासे होंगे जो पूरे केरल को हिला देंगे। उन्होंने यहां तक कहा,’ आप इसे धमकी मानना चाहें तो मान सकते हैं। जल्द ही ऐसे तथ्य सामने आएंगे जिन्हें सुनकर केरल चौंक जाएगा।’
कांग्रेस ने लिया सख्त कदम
सतीशन ने कहा कि कांग्रेस ने ममकूटाथिल के मामले में जिम्मेदारी दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से उन्हें निलंबित कर दिया। यही नहीं, उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने महिलाओं की गरिमा और आत्मसम्मान को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। उनके मुताबिक, यह फैसला केरल की राजनीतिक इतिहास में एक मिसाल है, क्योंकि अब तक किसी भी दल ने इतनी सख्ती नहीं दिखाई।
भाजपा पर भी सतीशन का निशाना
सतीशन ने केरल भाजपा पर भी कटाक्ष किया। हाल ही में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया था और एक बैल को लेकर पहुंचे थे। इस पर सतीशन ने तंज कसते हुए कहा- ‘आपको जल्द ही इसी सांड की ज़रूरत अपने ही राज्य अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ आंदोलन करने के लिए पड़ेगी।’





