78 वर्षीय पूर्व सीएम नवीन पटनायक अस्पताल में भर्ती, पिछले महीने मुंबई में हुई थी सर्जरी

भुवनेश्वर:  बीजू जनता दल (बीजेडी) के सुप्रीमो और ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को रविवार को उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शनिवार रात से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे पूर्व सीएम
पार्टी नेताओं के अनुसार, 78 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री ने शनिवार रात बेचैनी और अस्वस्थता की शिकायत की थी। इसके बाद कुछ डॉक्टरों ने उनके निवास नवीन निवास जाकर जांच की। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर रविवार सुबह उन्हें अस्पताल लाया गया।

अस्पताल की मेडिकल बुलेटिन का इंतजार
एक वरिष्ठ बीजद नेता ने बताया, ‘अस्पताल प्रशासन जल्द ही उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर मेडिकल बुलेटिन जारी करेगा।’ पूर्व मुख्यमंत्री को अचानक अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल है।

हाल ही में हुई थी सर्जरी
नवीन पटनायक ने पिछले महीने मुंबई के एक अस्पताल में गर्दन की हड्डी (सर्वाइकल आर्थराइटिस) की सर्जरी करवाई थी। बता दें कि वे 20 जून को मुंबई गए थे। 22 जून को उनकी रीढ़ की हड्डी से जुड़ी सर्जरी की गई थी। इसके बाद 7 जुलाई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली और 12 जुलाई को वे भुवनेश्वर लौट आए थे।

Related Articles

Back to top button