40-50 लोगों ने एक-दूसरे पर बरसाए लाठी-डंडे और पत्थर, VIDEO वायरल

अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र के चिरखाना गांव में मंगलवार को खेत में बकरी जाने को लेकर दो पक्षों के बीच भारी झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के करीब 40 से 50 लोग लाठी, फरसी और पत्थरों से एक-दूसरे पर टूट पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना के अनुसार, गांव निवासी सरपु की पालतू बकरी पड़ोसी के खेत में घुस गई थी, इसी बात पर विवाद शुरू हुआ। थोड़ी ही देर में दोनों ओर से लोग जमा हो गए और मारपीट शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक चले इस संघर्ष में 2 महिलाओं सहित 6 लोग घायल हो गए।

घायलों में सरपु, शहनाज, जमालु, जुबेदा, इरशाद और हारुन शामिल हैं। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों का आरोप है कि गांव के इकबाल, मुस्ताक और शहीद सहित करीब 15–20 लोगों ने लाठी-डंडों और फरसियों से हमला किया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button