26 हजार स्कूलों को फिर खोलने का अखिलेश यादव का वादा, भाजपा सरकार पर लगाया बंद करने का आरोप

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान बंद किए गए स्कूलों को सपा की सरकार बनने पर दोबारा खोला जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पीडीए समाज के लोग पढ़ते हैं और सपा सरकार बनने पर पीडीए समाज को उसकी आबादी के अनुसार हक दिया जाएगा।
बंद स्कूलों को फिर खोलने का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर बंद किए गए सरकारी स्कूलों को दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में पीडीए समाज के बच्चे पढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने पर पीडीए समाज को आबादी के अनुपात में अधिकार देने की दिशा में काम किया जाएगा।
एक लाख नौकरियों के दावे पर सवाल
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख नौकरियां देने के दावे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास अब कितना समय बचा है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी का ऑडिट कराया जाएगा। उन्होंने सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई जगह गड्ढे हैं। सिंचाई विभाग को लेकर भी उन्होंने घोटाले का आरोप लगाया।
भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए मंदिर के दान के पैसे में भी चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता अब इंतजार कर रही है और लोग भाजपा को बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी घेरा
सपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे प्रदेशों के अपराधी यूपी में आकर वारदात कर रहे हैं और बुलडोजर वाली सरकार कुछ नहीं कर रही है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पेट्रोल की गुणवत्ता और त्योहारों के दौरान चीनी की बढ़ती कीमतों का भी मुद्दा उठाया।





