वृंदावन में सीएम योगी का बड़ा एलान: 1051 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगा ब्रज का स्वरूप, सनातन पर कही बात

जन्माष्टमी से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन में ब्रजवासियों को 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि, स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और आवास की चाबियां वितरित कीं।

मुख्यमंत्री ने गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर में 42.15 करोड़ रुपये की लागत से बने स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में संतों को सम्मानित करने के साथ तीन बच्चों का अन्नप्राशन और दो महिलाओं की गोदभराई भी कराई गई। मुख्यमंत्री ने परिसर में पारिजात का पौधा भी लगाया।

229 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान 540.60 करोड़ रुपये की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि 437.64 करोड़ रुपये की 167 परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ।

इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, पेयजल, सीवर, प्रकाश व्यवस्था, पर्यटन सुविधाएं, परिक्रमा मार्ग, प्रवेश द्वार, सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

प्रमुख परियोजनाओं में यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन के पागल बाबा मंदिर तक 7.278 किलोमीटर लंबे चार लेन मार्ग और यमुना नदी पर दो लेन के पुल का निर्माण शामिल है। इस परियोजना पर 251.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

पागल बाबा मंदिर तिराहे पर बनेगा फ्लाईओवर

आने वाली परियोजनाओं में यमुना एक्सप्रेसवे लिंक रोड के पास पागल बाबा मंदिर तिराहे पर दो लेन फ्लाईओवर का निर्माण भी शामिल है।

इसके अलावा गोवर्धन में पर्यटन सुविधा केंद्र, बरसाना में पार्किंग और होल्डिंग एरिया, कोकिलावन परिक्रमा मार्ग पर रिटेनिंग वॉल और विभिन्न मार्गों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य किए जाएंगे। सीसीटीवी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और आईटीएमएस जैसी सुविधाओं को भी विकसित करने की योजना है।

हजारों लाभार्थियों को मिली सहायता

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र के 7,060 लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी गई। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सपेरा समुदाय के 180 लाभार्थियों को 1.20 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई।

कृषि विभाग की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को ट्रैक्टर की सांकेतिक चाबी भी सौंपी। जिले में इस योजना के तहत नौ लाभार्थियों को कुल 36 लाख रुपये का अनुदान दिया गया।

योगी ने कहा- मंदिर टूटे, लेकिन भक्ति नहीं डिगी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन और ब्रज की धार्मिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने मंदिरों को नुकसान पहुंचाया, लेकिन लोगों की भक्ति को नहीं डिगा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोवर्धन की धार्मिक परंपराएं आज भी कायम हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी, बरसाना की होली और गोवर्धन की परिक्रमा जैसी परंपराएं जारी रहना सनातन और ब्रज की शक्ति को दर्शाता है।

ब्रज में पर्यटन और सुविधाओं पर जोर

सरकार की ओर से शुरू और प्रस्तावित परियोजनाओं में धार्मिक पर्यटन के साथ बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर दिया गया है। पेयजल पाइपलाइन, सीवर लाइन, स्ट्रीट लाइट, फसाड लाइटिंग, परिक्रमा मार्ग, प्रवेश द्वार और पर्यटक सुविधाओं से जुड़े कार्य भी इनमें शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर में लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने तुलसी की माला, ठाकुरजी की पोशाक, फूलों और गोबर से बने उत्पाद, खाद्य सामग्री और नर्सरी से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए।

Related Articles

Back to top button