रोहित गोदारा गैंग के शूटरों पर दिल्ली पुलिस का शिकंजा, कारोबारी के घर गोलीबारी मामले में तीन गिरफ्तार

दिल्ली में कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उसके घर के बाहर फायरिंग करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने रोहित गोदारा गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान निखिल कुमार (24), शुभम (23) और मोक्ष (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी पिस्टल, 12 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 28 अक्तूबर की सुबह करीब पांच बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने पीतमपुरा निवासी कारोबारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर के बाहर फायरिंग की थी। हमलावरों ने कारोबारी की कार को भी निशाना बनाया था। मामले में सुभाष प्लेस थाने में रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा का नाम सामने आने के बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
500 किलोमीटर से अधिक दूरी तक पीछा कर आरोपियों को पकड़ा
क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तक सुराग जुटाने के बाद तीनों आरोपियों को रोहिणी से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली में एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे। तलाशी के दौरान उनके पास हथियार और कारतूस बरामद हुए।
50 हजार रुपये का लालच देकर गैंग में शामिल किया
जांच में सामने आया कि मोक्ष विदेश में बैठे गैंग के गुर्गे विवेक और फरार आरोपी प्रदीप के संपर्क में था। वह स्थानीय बदमाशों को गैंग से जोड़ने और उनके लिए लॉजिस्टिक मदद जुटाने का काम करता था। मोक्ष ने निखिल को मोटी कमाई और आलीशान जिंदगी का लालच देकर गैंग में शामिल किया था। कारोबारी के घर पर फायरिंग की साजिश में शामिल होने के लिए निखिल को 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। इसके बाद निखिल ने फरार आरोपी प्रदीप के साथ मिलकर कारोबारी के घर पर फायरिंग की थी।
दोस्त के जरिए गैंग के संपर्क में आया शुभम
पुलिस के मुताबिक, शुभम भी निखिल के जरिए रोहित गोदारा गैंग के संपर्क में आया था। वह अपने साथियों के प्रभाव में आकर रंगदारी की साजिश में शामिल हो गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, विदेश में बैठे हैंडलरों और रंगदारी नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।





