दिल्ली में आतंकी साजिश की आशंका, पुलिस ने 60 दिन के लिए बढ़ाई सुरक्षा; संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

दिल्ली पुलिस ने आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डा उपमंडल में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और अन्य मानवरहित विमानों के संचालन पर 60 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 18 नवंबर से प्रभावी होकर 16 जनवरी 2027 तक लागू रहेगा। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
ड्रोन से आतंकी हमले की आशंका
सहायक पुलिस आयुक्त (पालम उप-मंडल, आईजीआई एयरपोर्ट) प्रदीप कुमार मीणा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर लगातार मिल रही रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि आतंकवादी मानवरहित विमान प्रणाली (ड्रोन) के जरिए हमला कर सकते हैं। इस आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संभावित खतरे से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
ड्रोन, पैराग्लाइडर और अन्य उपकरणों के संचालन पर रोक
आदेश के तहत आईजीआई एयरपोर्ट उपमंडल क्षेत्र में आम लोगों द्वारा ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर, एयरो-मॉडल और अन्य मानवरहित विमान प्रणालियों के संचालन पर रोक लगाई गई है। पुलिस के मुताबिक, इन उपकरणों का इस्तेमाल विमानन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है और आतंकवादी हवाई हमले की आशंका को बढ़ा सकता है।
आदेश में सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति के साथ मानव जीवन की सुरक्षा को गंभीर चिंता का विषय बताया गया है। संभावित खतरे को रोकने के लिए तत्काल निवारक उपायों की आवश्यकता जताई गई है।
उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के साथ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए यह प्रतिबंध लागू किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
आदेश 18 नवंबर 2026 से लागू है और 16 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा।





