मथुरा से कांग्रेस का भाजपा पर हमला: ‘राधे-राधे, मनुवाद हटा दे’, चुनाव में सत्ता से हटाने का दावा

मथुरा में आयोजित सामाजिक न्याय सम्मेलन में कांग्रेस के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जय हिंद ने भाजपा और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ‘राधे-राधे, मनुवाद हटा दे’ का नारा देते हुए दलितों और पिछड़े वर्गों से एकजुट होने का आह्वान किया। साथ ही दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का ऐसा सूपड़ा साफ होगा, जिसकी पार्टी ने कल्पना भी नहीं की होगी।

दामोदरपुरा में आयोजित सम्मेलन में अनिल जय हिंद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गरीबों और दलितों की स्थिति खराब है। दबंग जातियों के अत्याचार से कमजोर वर्ग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अब दलित और पिछड़े वर्ग के लोग एकजुट हो रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को जवाब देने के लिए तैयार हैं।
भाजपा पर सांप्रदायिकता और विभाजन की राजनीति का आरोप
अनिल जय हिंद ने भाजपा पर सांप्रदायिकता और विभाजन की राजनीति के सहारे चुनाव जीतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा के पास विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर गिनाने के लिए पर्याप्त उपलब्धियां नहीं हैं। जनता सरकार की राजनीति को समझ चुकी है और चुनाव में इसका जवाब देगी।

सम्मेलन में उन्होंने भाजपा के नारे की तर्ज पर ‘राधे-राधे, मनुवाद हटा दे’ का नारा दिया। उनके मुताबिक, दलितों और पिछड़ों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए लोगों को एकजुट होना होगा।
श्रीकृष्ण और गोवर्धन प्रसंग का किया उल्लेख
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर बोलते हुए अनिल जय हिंद ने भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पर्वत उठाने के प्रसंग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने हमेशा कमजोरों के पक्ष में संघर्ष किया और इंद्रदेव की दमनकारी मानसिकता के खिलाफ गोवर्धन पर्वत उठाना अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का प्रतीक था।

उन्होंने इस प्रसंग को दलित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई से जोड़ते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस भी इसी संघर्ष को आगे बढ़ा रही है।
वोट चोरी और चुनावी धांधली के भी लगाए आरोप
अनिल जय हिंद ने राजस्थान के पंचायत चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष होते तो परिणामों में और बड़ा अंतर दिखाई देता। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की स्थिति इससे भी खराब होगी।

वोट चोरी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कमजोर और वंचित वर्ग अपने अधिकारों की लड़ाई खुद लड़ेगा। उन्होंने रामलीला मैदान की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां जुटे लोग केवल कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं, बल्कि लोकतंत्र और मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए पहुंचे आम लोग थे।
सीट बंटवारे को लेकर गठबंधन पर दिया बयान
सीटों के बंटवारे पर बोलते हुए अनिल जय हिंद ने कहा कि विरोधी दल चाहते हैं कि गठबंधन में सीटों का तालमेल न हो, लेकिन राहुल गांधी दलितों और गरीबों के हितों को ध्यान में रखकर गठबंधन और हिस्सेदारी की लड़ाई लड़ेंगे।

उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना चाहती है और संविधान की जीत होगी।

Related Articles

Back to top button