यूपी चुनाव 2027: सत्ता में वापसी के लिए भाजपा का नया प्लान, ‘ट्रिपल एस’ फॉर्मूले से चुनावी मैदान में उतरेगी पार्टी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है। तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए पार्टी कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, विकास और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को प्रमुख चुनावी मुद्दे बनाने की तैयारी में है। इसके साथ ही यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी), राम मंदिर और मथुरा-काशी से जुड़े मुद्दों पर भी विपक्ष को घेरने की रणनीति बनाई जा रही है। पार्टी का जोर सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच मजबूत करने और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने पर रहेगा।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, आगामी चुनाव में पार्टी पिछली समाजवादी पार्टी सरकार के शासनकाल और मौजूदा सरकार के कामकाज के बीच अंतर को जनता के सामने रखने की कोशिश करेगी। कानून-व्यवस्था, बेटियों की सुरक्षा, सरकारी योजनाओं का लाभ और प्रदेश में अपराध नियंत्रण पार्टी के चुनावी अभियान के प्रमुख आधार होंगे।
यूसीसी और राम मंदिर के मुद्दे पर भी रणनीति
यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) भाजपा के प्रमुख चुनावी मुद्दों में शामिल रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही कह चुके हैं कि प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनने पर यूसीसी लागू किया जाएगा। इसके अलावा राम मंदिर को लेकर विपक्ष के आरोपों का भी भाजपा वैचारिक स्तर पर जवाब देने की तैयारी में है।
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चंदा चोरी के आरोपों पर भाजपा कार्रवाई का हवाला देकर विपक्ष को जवाब देने की रणनीति बना रही है। वहीं, मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि और काशी से जुड़े मुद्दों को भी राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता से उठाया जा सकता है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, 2027 के चुनाव में मतदाताओं के बीच बेटियों की सुरक्षा, सरकारी योजनाओं का लाभ और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रमुख चर्चा के विषय होंगे। भाजपा इन्हीं मुद्दों के जरिए अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेगी।
‘ट्रिपल एस’ फॉर्मूले से मजबूत करेगी चुनावी अभियान
भाजपा ने मिशन-2027 के लिए ‘ट्रिपल एस’ फॉर्मूले पर काम करने की योजना बनाई है। इसमें संगठन, सरकार और सहयोगी दलों को शामिल किया गया है। पार्टी का मानना है कि इन तीनों के बीच बेहतर तालमेल से चुनावी अभियान को मजबूत बनाया जा सकेगा।
इसके तहत संगठन के कार्यकर्ता, सरकार और सहयोगी दल मिलकर जनता तक पहुंच बनाएंगे। पार्टी लाभार्थी परिवारों से संपर्क बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुनने और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दे रही है। इस अभियान में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं सहायता समूहों की भूमिका भी अहम होगी।
विकास कार्यों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी भाजपा
चुनावी रणनीति के तहत भाजपा योगी सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रमुखता से पेश करेगी। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेसवे समेत प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेसवे नेटवर्क को सरकार की उपलब्धियों के तौर पर प्रचारित किया जाएगा। इसके साथ ही जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य, प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि और एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने जैसे विषय भी अभियान में शामिल रहेंगे।
अयोध्या, काशी और मथुरा-वृंदावन में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे विकास कार्यों को भी जनता के सामने रखा जाएगा। भाजपा इन परियोजनाओं को प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर पेश करने की तैयारी में है।
महिलाओं और युवाओं पर केंद्रित योजनाओं का प्रचार
भाजपा महिला और युवा मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को भी चुनावी अभियान का हिस्सा बनाएगी। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना जैसी महिला केंद्रित योजनाओं के साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को भी प्रमुखता दी जाएगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन, हर घर नल योजना के तहत 2.43 करोड़ से अधिक नल कनेक्शन, निजी नलकूपों के लिए मुफ्त बिजली और गन्ने के समर्थन मूल्य जैसे विषयों को भी सरकार की उपलब्धियों के तौर पर प्रचारित किया जाएगा।
भाजपा की रणनीति में लाभार्थियों से सीधा संपर्क, संगठन की सक्रियता और विकास कार्यों का प्रचार प्रमुख भूमिका निभाएंगे। पार्टी मिशन-2027 के तहत इन मुद्दों के जरिए उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी में जुटी है।





