मथुरा में भाजपा की बैठक के बाद योगी का बड़ा कार्यक्रम बदला, आगरा दौरा रद्द कर जाएंगे दिल्ली

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा अचानक निरस्त हो गया है। मथुरा में भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने के बाद अब मुख्यमंत्री सीधे दिल्ली रवाना होंगे। पहले उन्हें आगरा में दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात करनी थी। कार्यक्रम में अचानक हुए बदलाव के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दिवंगत विधायक के परिजनों से मिलने का था कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में चल रहे भाजपा के चिंतन शिविर में शामिल होना था। इसके बाद उन्हें बरसाना पहुंचकर दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करनी थी।

इसके बाद मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचना था। यहां से वह शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास जाकर उनके शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात करने वाले थे। हालांकि, अब आगरा का यह कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है।

प्रशासन ने शुरू कर दी थीं तैयारियां

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर आगरा जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक के आवास तक जाने वाले मार्ग पर सड़क की मरम्मत, सफाई अभियान और अतिक्रमण हटाने का काम कराया जा रहा था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम रद्द होने के बाद इन तैयारियों पर विराम लग गया है।

मथुरा के महामंथन के बाद दिल्ली दौरे पर नजर

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज हैं। मथुरा में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं ने चुनावी रणनीति, संगठन और सीटों के समीकरणों पर चर्चा की है। ऐसे में चिंतन शिविर के बाद मुख्यमंत्री का सीधे दिल्ली रवाना होना राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया है।

हालांकि, मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के एजेंडे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

209 संभावित प्रत्याशियों की सूची को लेकर भी हुई थी चर्चा

इससे पहले एक कथित सूची के हवाले से दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले चरण में 209 संभावित प्रत्याशियों के नाम पार्टी हाईकमान को भेजे हैं। हालांकि, इस सूची को अंतिम प्रत्याशियों की सूची के तौर पर पेश किए जाने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संयुक्त हस्ताक्षर से स्पष्टीकरण जारी किया गया था।

इसमें स्पष्ट किया गया था कि पार्टी की ओर से न तो प्रत्याशियों के नाम दिल्ली भेजे गए हैं और न ही अभी किसी उम्मीदवार का चयन किया गया है। अब मथुरा के चिंतन शिविर और मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के बाद प्रदेश की सियासत में आगे होने वाली गतिविधियों पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button