एक्सप्रेसवे पर हादसे में मासूम परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, दो की मौत; बच्चा और पिता गंभीर घायल

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में मां और उसके 10 माह के बेटे की मौत हो गई। हादसे में चार वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक चला रहा उसका पिता भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार साल के बच्चे का एक पैर शरीर से अलग हो गया। हादसा सुंदरदीप कॉलेज के पास उस समय हुआ, जब परिवार बाइक से पिलखुवा से गाजियाबाद की ओर जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, हापुड़ जिले के पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांव सिखैड़ा निवासी असलम (32) शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे अपनी पत्नी गुलशन (30) और दो बच्चों के साथ स्प्लेंडर बाइक से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सुंदरदीप कॉलेज के पास एनएच-9 पर पहुंची, पीछे से आ रहा एक टैंकर बाईं ओर से एक्सप्रेसवे पर चढ़ रहा था। इसी दौरान बाइक टैंकर की चपेट में आ गई।

टक्कर के बाद सड़क पर गिरा पूरा परिवार

हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार पूरा परिवार सड़क पर गिर गया। असलम, उनकी पत्नी गुलशन और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

वहां चिकित्सकों ने गुलशन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 10 माह के बच्चे अरसलान को बेहतर उपचार के लिए मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

चार साल के बच्चे का पैर शरीर से अलग

इस हादसे में चार वर्षीय रियान को बेहद गंभीर चोटें आईं। टक्कर के दौरान उसका एक पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। वहीं, बाइक चला रहे असलम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद असलम और रियान की गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने टैंकर कब्जे में लिया, जांच शुरू

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि हादसे में घायल परिवार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टैंकर को कब्जे में ले लिया है। मृतक गुलशन और उनके 10 माह के बेटे अरसलान के शवों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।

एसीपी के मुताबिक, परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। असलम मजदूरी करते हैं और उनके पांच बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related Articles

Back to top button