विश्वविद्यालय में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने जरूरी एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने छात्रों को किसी भी शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेने से पहले उसकी कानूनी मान्यता और पाठ्यक्रम की वैधता की पूरी जांच करने की सलाह दी है। यूजीसी ने स्पष्ट किया है कि केवल विज्ञापन, वेबसाइट, ब्रोशर या सोशल मीडिया पर किए गए दावों के आधार पर किसी संस्थान को मान्यता प्राप्त नहीं मानना चाहिए।

आयोग के मुताबिक, दाखिले से पहले संस्थान की मान्यता और डिग्री देने के अधिकार की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करना जरूरी है। ऐसा न करने पर विद्यार्थियों को भविष्य में शैक्षणिक और करियर से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। यूजीसी ने संस्थान में प्रवेश लेने या उससे जुड़ी किसी भी तरह की शैक्षणिक अथवा वित्तीय प्रतिबद्धता करने से पहले पूरी जानकारी जुटाने की सलाह दी है।

विश्वविद्यालय में दाखिले से पहले इन चार बातों की करें जांच

यूजीसी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी भी विश्वविद्यालय में दाखिला लेने से पहले चार प्रमुख बिंदुओं की जांच करने को कहा है।

1. संस्थान की कानूनी मान्यता जरूर जांचें

सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि जिस शिक्षण संस्थान में आप दाखिला लेने जा रहे हैं, वह संबंधित कानूनों के तहत विधिवत स्थापित है या उसे मान्यता प्राप्त है। संस्थान की स्थापना और मान्यता से जुड़ी जानकारी आधिकारिक रिकॉर्ड से जांचें।

2. डिग्री देने का अधिकार है या नहीं

यह भी पता करें कि संबंधित संस्थान को चुना गया पाठ्यक्रम संचालित करने और डिग्री या अन्य शैक्षणिक योग्यता प्रदान करने का कानूनी अधिकार है या नहीं। इसके लिए यूजीसी अधिनियम, 1956 और अन्य लागू कानूनों के प्रावधानों को ध्यान में रखना जरूरी है।

3. नियामक संस्थाओं की मंजूरी की पुष्टि करें

विद्यार्थियों को यह भी जांचना चाहिए कि संस्थान ने यूजीसी और अन्य संबंधित वैधानिक या नियामक निकायों से जरूरी मान्यता, अनुमति और स्वीकृति प्राप्त की है या नहीं। खासतौर पर ऐसे पाठ्यक्रमों के मामले में संबंधित नियामक संस्था की मंजूरी जरूर देखें, जिनके लिए अलग से अनुमति जरूरी होती है।

4. पाठ्यक्रम और पढ़ाई के तरीके की वैधता जांचें

दाखिले से पहले यह भी सुनिश्चित करें कि संबंधित पाठ्यक्रम और पढ़ाई का माध्यम नियमानुसार मान्य है। इसमें ऑनलाइन शिक्षा, दूरस्थ शिक्षा, ऑफ-कैंपस केंद्र और स्टडी सेंटर भी शामिल हैं। अगर आप किसी दूसरे शहर में स्थित अध्ययन केंद्र के माध्यम से पढ़ाई करना चाहते हैं, तो उसकी वैधता की भी पुष्टि करें।

देश में 32 विश्वविद्यालयों को फर्जी घोषित कर चुका है यूजीसी

यूजीसी ने देशभर में मान्यता प्राप्त और फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची भी जारी की है। आयोग के मुताबिक, देश में कुल 32 विश्वविद्यालयों को फर्जी घोषित किया गया है। ऐसे संस्थानों से प्राप्त डिग्री की मान्यता को लेकर विद्यार्थियों को परेशानी हो सकती है। इसलिए दाखिले से पहले यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जरूर देख लें।

विज्ञापन और सोशल मीडिया के दावों पर न करें भरोसा

यूजीसी ने साफ किया है कि किसी संस्थान की वेबसाइट, प्रचार सामग्री, ब्रोशर या सोशल मीडिया पोस्ट उसकी मान्यता का प्रमाण नहीं हैं। कई बार संस्थान अपनी सुविधाओं और पाठ्यक्रमों को लेकर बड़े-बड़े दावे करते हैं। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को इन दावों पर सीधे भरोसा करने के बजाय आधिकारिक वेबसाइटों और संबंधित नियामक संस्थाओं के रिकॉर्ड से जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए।

आयोग की इस एडवाइजरी का उद्देश्य विद्यार्थियों को फर्जी विश्वविद्यालयों और अमान्य पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने से बचाना है। ऐसे में किसी भी संस्थान में प्रवेश लेने से पहले उसकी मान्यता, डिग्री देने का अधिकार और पाठ्यक्रम की वैधता की जांच करना जरूरी है।

Related Articles

Back to top button