उत्तराखंड में लवप्रीत की दरियादिली की चर्चा, छात्रों की मदद की सोच पर सीएम धामी ने दिया गिफ्ट

हरिद्वार की छात्रा लवप्रीत कौर ने अपनी जरूरत से पहले आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई और डिजिटल संसाधनों की चिंता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने रखी। छात्रा की इस सोच से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री के निर्देश पर उसे टैबलेट दिया गया।
जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए उठाया मुद्दा
मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के दौरान लवप्रीत ने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए जरूरी डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने का विषय उठाया। उसका कहना था कि संसाधनों की कमी के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। यह सुविधा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से दिए जाने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर घर पहुंचा टैबलेट
लवप्रीत की सोच की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने उसे टैबलेट देने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से शिक्षा विभाग के अधिकारी छात्रा के घर पहुंचे और उसे टैबलेट सौंपा। टैबलेट मिलने पर लवप्रीत के चेहरे पर खुशी नजर आई। छात्रा ने मुख्यमंत्री धामी का आभार जताया।
सीएम बोले- आर्थिक कारण प्रतिभा के आड़े न आएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड का हर विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा से जुड़े। उन्होंने कहा कि आर्थिक कारणों से संसाधनों की कमी किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए।
उन्होंने लवप्रीत की सोच की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी जरूरत से पहले दूसरों की चिंता करना युवाओं की जिम्मेदारी को दर्शाता है। विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़कर सीखने के नए अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।





