शेयर बाजार का बड़ा आईपीओ: 17 सितंबर को खुलेगा NSE का निर्गम, 22,569 करोड़ का इश्यू

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का बहुप्रतीक्षित आईपीओ 17 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। निवेशक इसमें 21 सितंबर तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी ने आईपीओ के लिए 1,700 से 1,785 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। ऊपरी मूल्य पर निर्गम का आकार करीब 22,569 करोड़ रुपये होगा, जिससे यह देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम बन जाएगा।

एनएसई के शेयरों की लिस्टिंग 24 सितंबर को होने की उम्मीद है। वहीं एंकर निवेशकों के लिए बोली 16 सितंबर को खुलेगी। करीब एक दशक तक नियामकीय बाधाओं के कारण अटके रहने के बाद एनएसई का आईपीओ बाजार में आ रहा है।

पूरी तरह OFS होगा आईपीओ

एनएसई का यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। इसके तहत मौजूदा शेयरधारक करीब 12.64 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेंगे। पहले 14.9 करोड़ शेयर बेचने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे घटा दिया गया।

चूंकि यह पूरी तरह OFS है, इसलिए शेयरों की बिक्री से मिलने वाली रकम एनएसई को नहीं मिलेगी। यह राशि शेयर बेचने वाले मौजूदा शेयरधारकों के पास जाएगी।

देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम

22,569 करोड़ रुपये का NSE IPO देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम होगा। इससे पहले हुंडई मोटर इंडिया का 27,870 करोड़ रुपये का आईपीओ सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम रहा है। NSE का इश्यू 2022 में आए LIC के 21,000 करोड़ रुपये के आईपीओ से बड़ा होगा।

निवेशकों के लिए कितना आरक्षण?

आईपीओ में योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए 50 फीसदी हिस्सा आरक्षित है। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए 15 फीसदी और खुदरा निवेशकों के लिए 35 फीसदी आरक्षण रखा गया है।

एनएसई ने पात्र कर्मचारियों के लिए 70 करोड़ रुपये तक के शेयर आरक्षित किए हैं। कर्मचारियों को प्रति शेयर 170 रुपये की छूट भी मिलेगी।

बड़े शेयरधारकों ने घटाई हिस्सेदारी बिक्री

एसबीआई समेत कुछ मौजूदा शेयरधारकों ने अपनी प्रस्तावित शेयर बिक्री घटाई है। एसबीआई ने अपनी बिक्री 2.47 करोड़ शेयर से घटाकर करीब 1.60 करोड़ शेयर कर दी है। एमएस स्ट्रैटेजिक (मॉरीशस) लिमिटेड ने भी प्रस्तावित बिक्री 1.6 करोड़ से घटाकर 1.1 करोड़ शेयर कर दी है।

एनएसई का आईपीओ ऐसे समय आ रहा है जब जियो प्लेटफॉर्म्स की संभावित सार्वजनिक पेशकश भी बाजार में चर्चा में है। जियो का अनुमानित इश्यू करीब 37,700 करोड़ रुपये बताया गया है, हालांकि उसके समय की घोषणा अभी नहीं हुई है।

Related Articles

Back to top button