शिक्षक दिवस पर सीएम योगी का संदेश: सेल्फी वीडियो जारी कर दी शुभकामनाएं, नवाचार की सराहना

शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं। सेल्फी वीडियो के माध्यम से संदेश देते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश की प्राचीन ज्ञान परंपरा का उल्लेख किया और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

सेल्फी वीडियो के जरिए शिक्षकों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सेल्फी वीडियो साझा कर प्रदेश के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की गौरवशाली ज्ञान परंपरा को आधुनिक स्वरूप में नई पीढ़ी तक पहुंचाने में शिक्षकों की अहम भूमिका है।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से ज्ञान, साधना और संस्कारों की पावन भूमि रहा है। काशी ने दुनिया को ज्ञान का प्रकाश दिया, जबकि सारनाथ में भगवान बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था। उन्होंने अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज को भी सनातन ज्ञान परंपरा के प्रमुख केंद्र बताया।

शुकतीर्थ और नैमिषारण्य की ज्ञान परंपरा का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने शुकतीर्थ और नैमिषारण्य की ऐतिहासिक ज्ञान परंपरा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि करीब पांच हजार वर्ष पूर्व शुकतीर्थ में महर्षि शुकदेव जी ने श्रीमद्भागवत का प्रथम वाचन किया था।

उन्होंने कहा कि नैमिषारण्य में 88 हजार ऋषियों की साधना ने भारतीय ज्ञान परंपरा को समृद्ध किया। इसी ज्ञान परंपरा से आयुर्वेद, अध्यात्म, दर्शन और भारतीय ज्ञान-विज्ञान की महान परंपराओं का विकास हुआ।

‘आधुनिक शिक्षा और तकनीक से भविष्य गढ़ रहे शिक्षक’

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश के शिक्षक इसी गौरवशाली ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा, तकनीक और नवाचार से जोड़कर नई पीढ़ी का भविष्य गढ़ रहे हैं।

उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया और शिक्षक दिवस पर सभी गुरुजनों के लिए मंगलमय शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

Related Articles

Back to top button