विदेश में राहुल गांधी ने उठाए भारत की अर्थव्यवस्था पर सवाल, बेरोजगारी और आर्थिक हालात को लेकर सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और लोकतंत्र को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि भारत में बेरोजगारी की समस्या बेहद गंभीर है। युवाओं को अपने भविष्य को लेकर चिंता सता रही है। उन्होंने कहा कि देश की वास्तविक समस्याओं को मीडिया भले ही नजरअंदाज कर दे, लेकिन इससे हकीकत नहीं बदलती।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत की मौजूदा चुनौतियों को केवल घरेलू राजनीति के नजरिए से नहीं देखा जा सकता। इसके पीछे वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में हो रहे बदलावों की भी बड़ी भूमिका है। उन्होंने अमेरिका, ब्राजील और फ्रांस जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया के कई देशों में इस तरह की परिस्थितियां देखने को मिल रही हैं।

करीब एक दशक से अलग-अलग समुदाय कर रहे विरोध

राहुल गांधी ने भारत में पिछले करीब एक दशक से जारी विरोध प्रदर्शनों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में सत्ता का केंद्रीकरण बढ़ने के साथ अलग-अलग समुदाय अपने मुद्दों को लेकर विरोध करते रहे हैं। आदिवासी, दलित और किसान समुदायों के आंदोलनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनकी आवाज को लंबे समय तक मुख्यधारा में पर्याप्त जगह नहीं मिली।

राहुल गांधी के मुताबिक, आदिवासी समुदाय की बड़ी मात्रा में जमीन ली गई, जिसके खिलाफ लोगों ने विरोध किया। उनकी पार्टी इन समुदायों के साथ काम करती रही है और उनके मुद्दों को उठाती रही है।

उन्होंने दलित समुदाय के विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया। राहुल गांधी ने कहा कि दलित समुदाय अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर आवाज उठाता रहा, लेकिन शुरुआत में इन मुद्दों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया।

किसान आंदोलनों का भी किया जिक्र

राहुल गांधी ने देश में हुए बड़े किसान आंदोलनों की चर्चा करते हुए कहा कि समय के साथ लोग इन प्रदर्शनों को भूलने लगे हैं। उनके अनुसार, शुरुआत में अलग-अलग समुदायों के विरोध सीमित दिखाई देते थे, लेकिन धीरे-धीरे इनका दायरा बढ़ता गया और ज्यादा लोग इससे प्रभावित हुए।

लोकतंत्र और विविधता में कथित गिरावट से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह समझना जरूरी है कि दुनिया के कई देशों में एक जैसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं। उन्होंने अमेरिका, ब्राजील और फ्रांस का उदाहरण देते हुए कहा कि इन देशों में भी अलग-अलग रूपों में ऐसी स्थितियां दिखाई दे रही हैं।

रोजगार के मामले में चीन का दिया उदाहरण

राहुल गांधी ने वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत, अमेरिका और फ्रांस जैसे देश अपने श्रमिक वर्ग के लिए पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने में संघर्ष कर रहे हैं। वहीं, उनके मुताबिक चीन को अपने श्रमिक वर्ग के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में इस तरह की परेशानी नहीं दिख रही है।

उन्होंने कहा कि ब्लू कॉलर यानी श्रमिक वर्ग के लिए रोजगार उपलब्ध कराना दुनिया के कई देशों के सामने बड़ी चुनौती बन गया है। भारत में बेरोजगारी की समस्या भी इसी व्यापक आर्थिक बदलाव से जुड़ी हुई है।

भारत के भविष्य को लेकर आशावादी हैं राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका, जर्मनी और इंग्लैंड जैसे देश भारत के मुकाबले कहीं ज्यादा मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने भारत की कम लागत और बड़ी आबादी को देश की ताकत बताया।

उन्होंने कहा कि भारतीय लोग मुश्किल परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता रखते हैं। अगर देश को कुछ बड़ा हासिल करना है तो इस क्षमता का सही इस्तेमाल करना होगा।

राहुल गांधी ने कहा कि वह भारत के भविष्य को लेकर आशावादी हैं, लेकिन उन्हें चिंता है कि देश अपना समय बर्बाद कर रहा है। उन्होंने आगाह किया कि अगर अगले पांच से दस साल भी इसी तरह निकल गए तो भारत वास्तव में बड़ी मुश्किल में फंस सकता है।

Related Articles

Back to top button