राहुल मियां से लेकर हिंदुत्व तक: चुनावी रणनीति में भाजपा के नए संकेतों ने बढ़ाई सियासी हलचल

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के बाद 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति के संकेत सामने आए हैं। हल्द्वानी में अपने संबोधन के दौरान नवीन ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर संबोधित किया। इसे भाजपा के हिंदुत्व के मुद्दे को आगे रखने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

नितिन नवीन का उत्तराखंड में यह दूसरा प्रवास था। अपने भाषण में उन्होंने वंदेमातरम विवाद और कांग्रेस के कथित ‘शुद्धीकरण’ मुद्दे का जिक्र करते हुए पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पवित्र भूमि पर धर्म विशेष के नारे लगाकर उसका अपमान किया गया।

धामी सरकार के फैसलों की सराहना

नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी), महिला क्षैतिज आरक्षण और शहीद आश्रितों से जुड़े फैसलों की सराहना की। पार्टी इन उपलब्धियों को आगामी विधानसभा चुनाव में अपने प्रमुख एजेंडे के तौर पर जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है।

उन्होंने उत्तराखंड के गठन और राज्य के विकास को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में नया मॉडल पेश किया है।

धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर भी जोर

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी की ओर से नीम करौरी बाबा की तस्वीर भेंट किए जाने का भी नितिन नवीन ने जिक्र किया। उन्होंने बाबा नीब करौरी पर बनी फिल्म देखने की इच्छा जताई और माता नंदा-सुनंदा का उल्लेख किया। गंगा आरती और देवभूमि को ऊर्जा की भूमि बताते हुए उन्होंने उत्तराखंड की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान पर भी जोर दिया।

भाजपा ने 2027 में फिर सरकार बनाने का संकल्प लिया है। पार्टी का लक्ष्य सरकार के कामकाज और फैसलों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ हिंदुत्व, राष्ट्रवाद और विकास के मुद्दों को चुनावी अभियान में प्रमुखता देना है।

Related Articles

Back to top button