रामभक्तों पर गोली चलवाने का मुद्दा उठाकर मनोज तिवारी ने अखिलेश को घेरा, बोले- अपने पैर में कुल्हाड़ा मार लिया

प्रतापगढ़ में शुक्रवार को भोजपुरी अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी बेंती कथास्थल पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने विरोध करके अपने पैरों पर कुल्हाड़ा मार लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं और अब अपनी सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही है।
मनोज तिवारी ने कहा कि कथा के माध्यम से जिस तरह सनातनियों को जोड़ा गया है, उससे पूरे देश में यह संदेश गूंज रहा है कि सत्य सनातन धर्म को नुकसान पहुंचाने वालों की खैर नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी तक अखिलेश यादव का सनातन विरोधी चेहरा सामने नहीं दिखता था, लेकिन विरोध करके उन्होंने अपने पैरों पर कुल्हाड़ा मार लिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं, वे अपनी सच्चाई छिपाने की कोशिश करते रहे हैं। मनोज तिवारी ने कहा कि अखिलेश यादव ने भगवान राम और भगवान कृष्ण को लड़ाने की कोशिश की है। यह उनके राजनीतिक करियर का बड़ा नुकसान होगा, जिसका असर भविष्य में दिखाई देगा।
मनोज तिवारी ने बेंती में आयोजित रामकथा की सराहना करते हुए कहा कि यहां कुंभ जैसा आयोजन हुआ है। उन्होंने राजा भैया की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने सनातन का सम्मान किया है। मनोज तिवारी ने यह भी कहा कि अब दुबई के शेख भी रामकथा करा रहे हैं।
भोजपुरी गीतों के जरिए सनातन एकजुटता का संदेश
मनोज तिवारी ने भोजपुरी गीतों को गुनगुनाकर सनातन की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने गीतों के माध्यम से लोगों से सनातन की धारा को आगे बढ़ाने और अपने भीतर हनुमान को जगाने का आह्वान किया।
उन्होंने गुनगुनाया, ‘तन-मन को आराम हो गया है, बेंती और कुंडा वृंदावन धाम हो गया है। लगती है कि अयोध्या आ गई चलके बेंती। सत्य सनातन की धारा को और बढ़ाना होगा, अपने-अपने अंदर का हनुमान जगाना होगा।’
इन्हीं गीतों और संदेशों के साथ उन्होंने अपनी बात समाप्त की।





