यूपी 2027: भाजपा ने तैयार किया चुनावी रोडमैप, ‘ट्रिपल एस’ फॉर्मूले के साथ लाभार्थियों और महिला सुरक्षा पर फोकस

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीसरी बार सत्ता में आने की रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है। पार्टी कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, विकास और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को चुनाव के प्रमुख मुद्दों के रूप में सामने रखने की तैयारी में है। इसके साथ ही यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी), राम मंदिर और मथुरा-काशी से जुड़े मुद्दों पर भी विपक्ष को घेरने की रणनीति बनाई जा रही है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच मजबूत करने के साथ संगठनात्मक स्तर पर चुनावी तैयारियों को तेज करेगी। रणनीति का मुख्य उद्देश्य पिछली समाजवादी पार्टी सरकार और मौजूदा सरकार के कामकाज के बीच अंतर को जनता के सामने रखना है।
यूसीसी और राम मंदिर के मुद्दे पर विपक्ष को घेरने की तैयारी
भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर यूसीसी लागू किया जाएगा।
राम मंदिर को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी भाजपा वैचारिक स्तर पर जवाब देने की रणनीति बना रही है। पार्टी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और दान से जुड़े मामलों में हुई कार्रवाई का हवाला देगी। इसके अलावा मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी भाजपा के चुनावी एजेंडे का हिस्सा रहेगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, चुनाव में महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं का लाभ और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रमुख मुद्दे होंगे। भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण को अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में जनता के सामने रखेगी।
‘ट्रिपल एस’ फॉर्मूले से चुनावी तैयारी
भाजपा ने मिशन-2027 के तहत ‘ट्रिपल एस’ फॉर्मूले पर काम करने की योजना बनाई है। इसमें संगठन, सरकार और सहयोगी दलों को शामिल किया गया है। पार्टी के अनुसार, इन तीनों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए चुनावी रणनीति को मजबूत किया जाएगा।
इसके तहत सरकार, संगठन और सहयोगी दल मिलकर जनता के बीच पहुंचेंगे और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे। पार्टी लाभार्थी परिवारों से संपर्क बढ़ाने पर भी विशेष जोर दे रही है। इसमें स्थानीय कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों की भूमिका भी अहम होगी।
विकास और महिला-युवा केंद्रित योजनाओं को बनाया जाएगा आधार
भाजपा चुनाव प्रचार में प्रदेश के विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाएगी। योगी सरकार के अपराध नियंत्रण के दावे, पूर्वांचल और बुंदेलखंड में विकास कार्य, एक्सप्रेसवे नेटवर्क का विस्तार और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं को उपलब्धियों के तौर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य, प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि और एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर भी प्रचार किया जाएगा। अयोध्या, काशी और मथुरा-वृंदावन में धार्मिक पर्यटन के विकास को भी सरकार की उपलब्धियों के रूप में सामने रखा जाएगा।
लाभार्थियों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति
भाजपा महिला और युवा मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार करेगी। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना जैसी महिला केंद्रित योजनाओं के साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को भी प्रमुखता दी जाएगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन, हर घर नल योजना के तहत 2.43 करोड़ से अधिक नल कनेक्शन, निजी नलकूपों के लिए मुफ्त बिजली और गन्ने के समर्थन मूल्य जैसे मुद्दों को भी चुनाव प्रचार में उठाया जाएगा।
पार्टी रणनीतिकारों के मुताबिक, लाभार्थी संपर्क अभियान और मतदाता सूची से जुड़े अभियान को मजबूत करने की योजना है। भाजपा इन योजनाओं के जरिए परिवारों तक पहुंच बढ़ाने और अपने चुनावी आधार को मजबूत करने की तैयारी कर रही है।





