यूपी में साक्षी महाराज का विपक्ष पर हमला, बोले- राष्ट्रविरोधी ताकतें देश का माहौल बिगाड़ रहीं

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दिवाली के पटाखों से होने वाले प्रदूषण को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा सांसद डॉ. साक्षी महाराज ने पलटवार किया है। उन्होंने इमरान मसूद के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसे बयान देने वालों को ट्रीटमेंट की जरूरत है। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के राम मंदिर में दर्शन करने पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी और कहा कि देर आए दुरुस्त आए, लेकिन इसमें काफी देर हो गई।
इमरान मसूद के बयान पर साक्षी महाराज का पलटवार
गदनखेड़ा स्थित साक्षी धाम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान साक्षी महाराज ने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं, तब से राष्ट्रविरोधी ताकतें बौखलाई हुई हैं।
उन्होंने इमरान मसूद के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि भैंसा और बकरा चौराहे पर काटने से प्रदूषण नहीं बढ़ता, लेकिन दिवाली मनाने से प्रदूषण बढ़ जाता है। ऐसे बयान देने वालों को ट्रीटमेंट की जरूरत है। उन्होंने यहां तक कहा कि ऐसे लोगों को किसी पागलखाने में भर्ती कराना चाहिए।
अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन पर भी बोले
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के राम मंदिर में दर्शन करने को लेकर भी साक्षी महाराज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देर आए दुरुस्त आए, लेकिन आते-आते काफी देर कर दी।
साक्षी महाराज ने कहा कि कम से कम चुनाव के समय अखिलेश यादव ने इस सदमार्ग को अपनाया है। रामलला उन्हें आशीर्वाद देंगे या नहीं, यह उन्हें नहीं पता, लेकिन दर्शन और आशीर्वाद लेना अखिलेश यादव का अधिकार है।





