यूपी की छात्राओं के लिए खुशखबरी, योगी सरकार का बड़ा फैसला—50 हजार बेटियों को स्कूटी

उत्तर प्रदेश की बेटियों को योगी सरकार ने बड़ी सौगात देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश की 50 हजार छात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। यह योजना छात्राओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आने-जाने में सुविधा देने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। सरकार की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत करीब 50 हजार मेधावी छात्राओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ कार्यक्रम के दौरान बेटियों को केंद्र में रखकर सरकार की योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और शिक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
स्कूटी योजना के तहत उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं को लाभ देने की व्यवस्था की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संबंधित संस्थानों की मेधावी छात्राओं को पात्रता के आधार पर चुना जाएगा। योजना के लिए परिवार की वार्षिक आय सीमा 12 लाख रुपये से कम रखी गई है, जबकि शहीदों की बेटियों, निराश्रित परिवारों और दिव्यांग छात्राओं के लिए विशेष प्रावधान भी हैं।
सरकार की ओर से केवल स्कूटी ही नहीं, बल्कि पंजीकरण, बीमा, हेलमेट, जरूरी एक्सेसरीज और पांच लीटर पेट्रोल की सुविधा देने की भी बात कही गई है। इस कदम को छात्राओं की सुरक्षित, सुविधाजनक और आत्मनिर्भर आवाजाही से जोड़कर देखा जा रहा है।
योगी सरकार के इस बड़े एलान के साथ अब प्रदेश की हजारों छात्राओं को योजना के क्रियान्वयन और लाभार्थियों के चयन का इंतजार है। सरकार का मानना है कि स्कूटी मिलने से बेटियों की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी और उन्हें आने-जाने के लिए परिवार पर कम निर्भर रहना पड़ेगा।





