पितृपक्ष का असर: अयोध्या में बढ़ी भक्तों की संख्या, राम मंदिर को मिला अधिक दान

पितृपक्ष में रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। रामलला के दर्शन के लिए रोजाना करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बीते तीन दिनों में ही तीन लाख से अधिक लोगों ने राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन किए हैं।
पिछले महीने जहां प्रतिदिन करीब 60 से 70 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब एक लाख हो गई है। देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

दो से चार अक्तूबर के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

दो अक्तूबर को 1.14 लाख, तीन अक्तूबर को 1.04 लाख और चार अक्तूबर को करीब 93 हजार श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। इस दौरान मलेशिया के 25 और कनाडा के छह श्रद्धालुओं समेत करीब 70 विदेशी श्रद्धालु भी मंदिर पहुंचे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर मंदिर में दान और चढ़ावे पर भी दिखाई दे रहा है। 20 सितंबर से दो अक्तूबर के बीच विभिन्न माध्यमों से रामलला को करीब 1.20 करोड़ रुपये का दान प्राप्त हुआ। चढ़ावा चोरी की घटना के बाद जहां दान घटकर प्रतिदिन चार से पांच लाख रुपये तक पहुंच गया था, वहीं अब यह बढ़कर रोजाना 20 लाख रुपये से अधिक हो गया है।

नवरात्रि और दीपोत्सव में और बढ़ सकती है भीड़

पितृपक्ष के बाद शारदीय नवरात्रि, दशहरा और दीपोत्सव के चलते अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। रामपथ से लेकर राम जन्मभूमि परिसर और प्रमुख मंदिरों तक अभी से श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई देने लगी है।
बढ़ती भीड़ का असर अयोध्या के स्थानीय कारोबार पर भी पड़ा है। प्रसाद, फूल-माला, रामनामी वस्त्र, धार्मिक पुस्तकों और खिलौनों की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। होटल, धर्मशाला, होमस्टे, रेस्टोरेंट, ऑटो और ई-रिक्शा संचालकों को भी इसका लाभ मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button