नई दिल्ली का बदलेगा रंग-रूप: गमलेदार पौधों और फूलों से सजेगा शहर, बढ़ेगी राजधानी की खूबसूरती

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए राजधानी में आने वाले विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए नई दिल्ली को खास अंदाज में सजाया गया है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, गोलचक्करों, होटल परिसरों और सरकारी भवनों को फूलों, पौधों और सजावटी रोशनी से संवारा है। दिन में जहां शहर फूलों और हरियाली से सजा नजर आ रहा है, वहीं रात में प्रमुख मार्ग और गोलचक्कर रोशनी से जगमगा रहे हैं।
एनडीएमसी की योजना के तहत प्रमुख सड़कों, चौराहों, गोलचक्करों और महत्वपूर्ण स्थानों पर 15 हजार से अधिक गमलेदार पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा ब्रिक्स की थीम पर 15 पुष्प बोर्ड और नौ स्थानों पर पुष्प फव्वारे लगाए जा रहे हैं। इनकी स्थापना एयरपोर्ट और निर्धारित होटलों से भारत मंडपम तक आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर की जा रही है।
17 गोलचक्करों को रोशनी से सजाया
एनडीएमसी ने 17 प्रमुख गोलचक्करों पर पेड़ों, झाड़ियों और लैंडस्केप क्षेत्रों को अपलाइटर्स, एलईडी और स्ट्रिंग लाइटों से सजाया है। ब्रिक्स प्रतिनिधियों के ठहरने वाले प्रमुख होटल परिसरों के आसपास भी विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है। पेड़ों और सड़क किनारे के हिस्सों को एलईडी स्ट्रिंग व अन्य सजावटी रोशनी से सजाया गया है।
परिषद के 10 प्रमुख भवनों और स्थलों को भी सजावटी रोशनी से संवारा गया है। इससे सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली का अलग और आकर्षक रूप देखने को मिलेगा।
रोज गार्डन में भी विशेष तैयारी
चाणक्यपुरी स्थित करीब तीन एकड़ में फैले ब्रिक्स फ्रेंडशिप रोज गार्डन में भी विशेष बागवानी कार्य किया गया है। यहां गुलाब की 107 किस्में मौजूद हैं। सम्मेलन से पहले घास की कटाई, पौधों की छंटाई, लैंडस्केपिंग और पुष्प सज्जा पर विशेष ध्यान दिया गया है।
कनॉट प्लेस बाजार रहेगा खुला
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के तीनों दिनों के दौरान कनॉट प्लेस बाजार बंद नहीं रहेगा। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अमित गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि बाजार सामान्य रूप से खुला रहेगा। हालांकि, यातायात प्रतिबंधों को देखते हुए लोगों से बाजार पहुंचने से पहले दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।





