जॉर्जिया मेलोनी ने बनाया नया रिकॉर्ड, पीएम मोदी बोले- यह जनता के भरोसे और समर्थन का प्रतिबिंब

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश के द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। मेलोनी की सरकार ने 1,413 दिन पूरे कर पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मेलोनी को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि मेलोनी का यह रिकॉर्ड उनके नेतृत्व में इटली की जनता के भरोसे और विश्वास को दर्शाता है। पीएम मोदी ने उन्हें अपनी मित्र बताते हुए उनकी निरंतर सफलता की कामना की।

बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड तोड़ा

मेलोनी ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार का रिकॉर्ड तोड़ा है। बर्लुस्कोनी की सरकार 2001 से 2005 के बीच लगातार 1,412 दिन तक सत्ता में रही थी। मेलोनी की सरकार ने एक दिन अधिक यानी 1,413 दिन पूरे कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

मोदी ने भारत-इटली संबंधों का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में भारत और इटली के संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेलोनी की दोस्ती ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। मोदी ने दोनों देशों के लोगों के लिए समृद्ध भविष्य बनाने की दिशा में करीबी सहयोग जारी रखने की उम्मीद जताई।

इटली में राजनीतिक अस्थिरता का लंबा इतिहास रहा है। ऐसे में मेलोनी सरकार का करीब चार साल तक लगातार सत्ता में बने रहना एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button